बाल मैराथन धावक बुधियासिंह के पूर्व कोच बिरंची दास की हत्या की पुलिस ने सोमवार को प्रेम प्रसंग के पहलू से जाँच शुरू की। इस सिलसिले में एक आपराधिक गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शहर के पुलिस आयुक्त विनय बहेरा ने बताया कि अपराध प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ हो सकता है। एलबम कलाकार लेस्ली त्रिपाठी के साथ अपराध सरगना राजा आचार्य का एकतरफा प्रेम बिरंची दास की हत्या का कारण हो सकता है।
उन्होंने बताया कि दास के परिवार के लोगों ने राजा का नाम लिया था। इसके बाद हम लोग इस मामले में गंभीरतापूर्वक प्रेम प्रसंग के पहलू से भी जाँच कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि अपराध सरगना और एलबम कलाकार के बीच समझौता कराने के लिए दास काम कर रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दास ने राजा से बातचीत कर लेस्ली को परेशान नहीं करने के लिए कहा था। हम लोग इस बात की जाँच करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस बात का हत्या से कोई संबंध है।
|