छावनी स्थित ग्यारहवीं गोरखा राइफल्स रेजिमेन्टल सेन्टर में 'पासिंग आउट परेड' में 32 रिक्रूटों को प्रशिक्षण पूरा होने पर विधिवत गोरखा राइफल्स के सैनिक के रूप मे शामिल किया गया। केन्द्र के कार्यवाहक सेनानायक कर्नल डीएस रूपाल ने परेड का निरीक्षण किया।
अपनी चुस्त वर्दी में इन रिक्रूटों ने उच्च श्रेणी की 'ड्रिल' का प्रदर्शन किया। इन सैनिकों को शपथ समारोह में देश के प्रति कार्य और निष्ठा की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।
राइफलमैन बिमल शेरपा को 'बेस्ट इन ड्रिल' जबकि राइफलमैन खेमबहादुर तमंग को 'बेस्ट इन वेपन ट्रेनर' घोषित किया गया।
राइफलमैन सादिन पहरी को 'बेस्ट इन इंडिविजुअल फिजिकल इफिशिएंशी टेस्ट', राइफलमैन सायमन तमांग को खेलकूद में सर्वश्रेष्ठ तथा राइफलमैन सुसन तमांग को 'बेस्ट इन थ्योरी' का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर कर्नल डीएस रूपाल ने 'सर्वश्रेष्ठ रिक्रूट' के लिए राइफलमैन साजन तमांग को पारंपरिक 'खुखरी' भेंट की।
अपने संबोधन में ब्रिगेडियर एके सेन ने इस प्रशिक्षण में सफल सैनिकों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपनी कार्यदक्षता को बनाए रखेंगे तथा भविष्य में आने वाली हर चुनौतियों से निपटने में वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
|