बाल धावक बुधियासिंह के पूर्व प्रशिक्षक बिरंची दास की हत्या के संदेह में एक गिरोह के दो सदस्यों को आज गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपायुक्त अमिताभ ठाकुर ने बताया कि हमने भुवनेश्वर के खांडगिरि और खारवेल नगर इलाके के एक खास गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि उसने हत्या के सिलसिले में पुख्ता सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी की घोषणा शीघ्र करेगी। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को धर दबोचने के लिए भुवनेश्वर और कटक के एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की।
बिरंची दास के भाई सुशांत दास ने कल रात आरोप लगाया था कि इस घटना में जाना-माना गैंगस्टर राजा आचार्य शामिल है। भुवनेश्वर कटक के पुलिस आयुक्त विनय बहेरा ने कहा कि हमें दास के परिवार के सदस्यों की तरफ से एक शिकायत मिली है।
पुलिस आरोपों की जाँच कर रही है। दास के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि गैंगस्टर ने कल दिन में उनके भाई को धमकाया था। पुलिस घटनास्थल से बरामद कुछ नमूनों का परीक्षण कर रही है। पुलिस ने बताया कि अपराध में नौ मिलीमिटर की एक पिस्तौल इस्तेमाल की गई। इस बीच कड़ी सुरक्षा के बीच कैपिटल अस्पताल में दास का पोस्टमार्टम कराया गया।
गौरतलब है कि उड़िया नववर्ष के अवसर पर आयोजित एक समारोह में हिस्सा लेने के दौरान बंदूकधारियों ने कल दास की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
|