फिल्म निर्माता राकेश रोशन की फिल्म क्रेजी-4 में प्रयुक्त संगीत में कॉपीराइट उल्लंघन के विवाद ने शनिवार एक नया मोड़ ले लिया।
रोशन ने इस फिल्म के गत शुक्रवार रिलीज होने की पूर्व संध्या पर कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत करने वाले संगीतकार राम संपत को तब दो करोड़ रुपए देकर उनके साथ अदालत से बाहर समझौता कर लिया जब बंबई उच्च न्यायालय ने फिल्म के संगीत को लेकर विवाद के मद्देनजर उसके प्रदर्शन पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इससे फिल्म के प्रदर्शन का रास्ता साफ हो गया और ऐसा लगा कि यह विवाद भी अब थम जाएगा।
पर रोशन ने आज यहाँ जारी एक बयान में आरोप लगाया कि यह विवाद धन कमाने की एक सुनियोजित साजिश के तहत ठीक तब खड़ा किया गया, जब फिल्म रिलीज हो रही थी। उन्होंने कहा कि अपने बचाव में सारे सबूत होने के बावजूद समय कम पड़ जाने के कारण मुझे वितरकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाने के लिए समझौता करना पड़ा।
संपत ने रोशन के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर उच्च न्यायालय में दाखिल याचिका में दो करोड़ रुपए का मुआवजा माँगने के साथ आरोप लगाया था कि मोबाइल हैंडसेट बनाने वाली कम्पनी सोनी एरिक्सन के विज्ञापन जिंगल के लिए रचे उनके संगीत को क्रेजी-4 फिल्म के संगीतकार राजेश रोशन ने चुराकर उक्त फिल्म के गीतों में अपने नाम से इस्तेमाल किया है। ये गीत इस फिल्म में राकेश रोशन के पुत्र रितिक रोशन और अन्य पर फिल्माए गए हैं।
राकेश रोशन ने अपने बयान में दावा किया है कि उन्होंने रितिक रोशन पर ही फिल्माए उक्त विज्ञापन जिंगल के संगीत से प्रभावित होकर उसका क्रेजी-4 में उपयोग करने के लिए सोनी एरिक्सन से अनुमति माँगी थी और अनुमति मिलने के बाद उस संगीत का फिल्म में आंशिक और परिवर्तित रूप से उपयोग किया गया, पर गत 24 मार्च को उन्हे संपत ने कॉपीराइट उल्लंघन की नोटिस भेज दिया।
इस पर उन्होंने सोनी एरिक्सन से सम्पर्क किया जिसके जवाब में कम्पनी ने पत्र भेजा कि इस संगीत का कॉपीराइट उसके पास नहीं है और उसने पहले की अनुमति गलती से दी थी। उन्होंने कहा कि वह इस विवाद से निकलने का रास्ता ढूँढ ही रहे थे कि संपत ने उन्हें अदालत में घसीट लिया और उनको समय की कमी की मजबूरी के कारण समझौता करना पड़ गया।
रोशन के इस बयान पर संपत की प्रतिक्रिया तत्काल उपलब्घ नहीं हो सकी है।
|