आंध्रप्रदेश के विशेष जाँच दल (एसआईटी) ने आतंकवादियों को सिम कार्ड और हथियार वितरित करने में कथित रूप से शामिल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के एक संदिग्ध एजेंट को गिरफ्तार किया और बांग्लादेश से हरकत उल जिहादी इस्लामी (हुजी) के कमांडर शाहिद उर्फ बिलाल द्वारा उसके पास भेजा एक हथियार बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर एक सर्वाधिक वांछित आतंकवादी अबु सूफिया उर्फ फरतुल्ला गोरी के भतीजे मोहम्मद फैक अजीज को गिरफ्तार कर लिया। उसने अन्य लोगों के दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर सिम कार्ड खरीदे थे। तीन अन्य संदिग्ध आतंकवादी खाजा, खादर और शाहिद अभी फरार हैं।
एक अन्य मामले में अजीज ने हाल में गिरफ्तार किए गए मोहम्मद शकील, अबरारद्दीन, मोहम्मद शफी रहमान और मोतसिम बिल्ला के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को मारने के इरादे से हथियार खरीदे थे, ताकि यहाँ साम्प्रदायिक दंगे भड़क उठें।
अजीज हुजी के नेता शाहिद का सहायक था, जिस पर 18 मई को हैदराबाद की मक्का मस्जिद और 25 अगस्त को हुए दोहरे बम विस्फोटों की साजिश रचने का संदेह है।
|