महान शास्त्रीय संगीत उस्ताद आमिर खान और स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर जैसे संगीत सितारों के उदय के गवाह रहे मशहूर गीतकार रवीन्द्र जैन इंदौर में संगीत अकादमी खोलने की ख्वाहिश रखते हैं।
उन्होंने इस सिलसिले में कदम बढ़ाते हुए इंदौर नगर निगम को बाकायदा एक प्रस्ताव सौंपा है, जिसमें अकादमी के लिए एक एकड़ जमीन आवंटित करने की माँग की गई है।
सूत्रों ने कहा कि जैन ने यह इच्छा गुड़ी पडवाँ पर यहाँ आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के दौरान जाहिर की। उन्होंने निगम की महापौर डॉ. उमा शशि शर्मा से भेंट करके उन्हें इंदौर में संगीत अकादमी खोलने का लिखित प्रस्ताव भी दिया है।
जैन ने 'रवीन्द्र जैन एकेडमी ऑफ म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स' के लैटर हेड पर महापौर के नाम एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि यदि इंदौर में संगीत अकादमी खुलती है तो इससे कई नवोदित प्रतिभाओं का भला होगा।
जैन के अनुसार उनकी सँस्था मध्यप्रदेश में चैरिटेबल ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत है और निगम से मिलने वाली जमीन का किसी भी सूरत में व्यावसायिक उपयोग नहीं करेगी। उधर इंदौर की महापौर ने जैन को भरोसा दिलाया है कि उनके इस प्रस्ताव पर संजीदगी से विचार किया जाएगा।
|