एशिया के सबसे बड़े ट्यूलिप गार्डन की बेइंतहा खूबसूरती अब रजतपट पर दिखाई देगी क्योंकि बॉलीवुड की एक फिल्म के एक गीत का फिल्मांकन यहाँ हो रहा है।
अभिनेता से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा और फराना वजीर द्वारा अभिनीत इस पहली फिल्म के गाने का फिल्मांकन जाबरवन की तलहटी में बने ट्यूलिप गार्डन में हो रहा है। यहाँ से विश्व प्रसिद्ध डल झील दिखाई देती है।
यह बगीचा 30 मार्च से जनता के लिए खोला गया। इस समय इसमें 60 प्रजातियों के 12 लाख ट्यूलिप खिले हुए हैं, जिसमें विभिन्न रंग जैसे पीले, सफेद ,गुलाबी, बैगनी, लाल, नीले और क्रीम रंगों के फूल शामिल हैं।
कल यहाँ राजकँवर निर्देशित 'सदियाँ' के फिल्मांकन में स्थानीय बच्चों ने भाग लिया। इस फिल्म में बॉलीवुड को दो नए चेहरे दिखाई देंगे।
निर्देशक ने बताया यह फिल्म प्रेम कहानी पर आधारित है। हम आने वाले कुछ दिनों में प्रसिद्ध पर्वतीय पर्यटनस्थल पहलगाम और गुलमर्ग में इसकी शूटिंग करेंगे।
इंद्रजीत फिल्म के बैनर के तहत बन रही फिल्म में रेखा, ऋषि कपूर और हेमा मालिनी भी होंगे। कश्मीर घाटी पहले भी बॉलीवुड के निर्देशकों की पसंदीदा जगह रही है लेकिन आतंकवाद के चलते यहाँ फिल्मों की शूटिंग कम हो गई है।
|