फिल्म अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद हेमा मालिनी ने मुम्बई में बाहरी लोगों को निशाना बनाए जाने के विवाद पर कोई भी टिप्पणी करने से बुधवार को इनकार कर दिया।
बैतूल संसदीय उपचुनाव के लिए प्रचार के सिलसिले में यहाँ से हरदा रवाना होने के पूर्व उन्होंने कहा कि इस विवाद पर वह कुछ कहना नहीं चाहतीं।
महानायक अमिताभ बच्चन को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना के मुखपत्र सामना में निशाना बनाए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि शिवसेना प्रमुख बाला साहब ठाकरे ने इस मामले में अपनी बात स्पष्ट कर दी है। उन्होंने अमिताभ को महानायक बताते हुए कहा है कि वह पूरे देश के हैं।
फिल्म सितारों के राजनीति में आने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पहुँच समाज के विभिन्न वर्गों में व्यापक रूप से है और उनकी बात को ज्यादा लोग सुनते हैं। यही कारण है कि राजनीति में सितारे आ रहे हैं।
|