भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की पुस्तक में ऑपरेशन ब्लू स्टार को जायज ठहराने वाले उनके विचार से शिरोमणि अकाली दल के एक वर्ग में जबरदस्त रोष उत्पन्न हो गया है।
दिल्ली अकाली दल ने भाजपा नेता की पुस्तक 'माई कंट्री माई लाइफ' में उस दावे की आलोचना की है कि उन्होंने स्वर्ण मंदिर से जनरैलसिंह भिंडरवाले को हटाने के लिए वहाँ सेना भेजने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी पर दबाव डालने की बात कही है। अकाली नेता एचएस सरना ने इसके लिए भाजपा नेता से माफी माँगने को कहा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाशसिंह बादल ने आडवाणी के इस दावे से उनके राज्य तथा सिख समुदाय में उत्पन्न रोष के मद्देनजर गुरुवार को यहाँ प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। अकाली दल के एक नेता ने कहाकि इस बार सिर्फ मौखिक रूप से बयान से पलटने से काम नहीं चलेगा, क्योंकि यह ऐसा मुद्दा है, जो सिखों की भावना से जुड़ा है।
स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई और सिख गुरुओं पर आडवाणी की टिप्पणी से एसएडी के नियंत्रण वाले शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नेता भी परेशान हैं। एसजीपीसी के एक नेता ने कहा कि आम चुनाव दूर नहीं हैं। पार्टी की धार्मिक विश्वसनीयता लम्बे समय से सवालों के घेरे में है। जून 1984 की घटना पर आडवाणी के विचारों से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा और कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है।
|