भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष एम वैकेया नायडू ने आज एक बार फिर केंद्र सरकार पर आतंकवाद के प्रति नरम रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि वह स्टूडेन्ट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) जैसे संगठनों पर नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम रही है। वैकेया नायडू ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने सिमी का सिर कुचलने का अभियान तेज कर दिया है। इंदौर में पिछले महीने सिमी के 13 आला ओहदेदारों की गिरफ्तारी इसका सबूत है।
दूसरी ओर केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में आतंकवाद फैल रहा है। उन्होंने कहा कि संसद पर हुए आतंकी हमले के मामले में अफजल गुरू को अब तक फाँसी नही दी जा सकी है।
सिमी जैसे संगठन केंद्र के नरम रवैये के कारण ही पैर पसार रहे है। इन पर लगाम के लिए आतंकवाद निरोधक अधिनियम (पोटा) जैसा कानून जरूरी है। नायडू ने कहा कि भाजपा देश भर में महँगाई के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है और संसद के अगले सत्र में भी इस मुद्दे पर केंद्र को घेरा जाएगा। उन्होंने प्रदेश के बैतूल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताया। गौरतलब है कि यह सीट भाजपा सांसद विजय खंडेलवाल के निधन से खाली हुई है।
|