-वेबदुनिया न्यूज भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान नवाब मंसूर अली खान पटौदी ने कहा कि फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर और उनके बेटे सैफ अली कब शादी करेंगे यह तो अल्लाह को ही मालूम है। इसमें मैं आपको कुछ विस्तार से बता नहीं सकता।
काफी अरसे बाद नवाब पटौदी मीडिया से मुखातिब हुए थे और उन्होंने कहा कि यदि सैफ और करीना शादी करते हैं तो मुझे व पत्नी शर्मिला को कोई ऐतराज नहीं है।
पटौदी से यह सवाल इसलिए पूछा गया था कि मीडिया में यह खबरें आ रहीं थी कि करीना-सैफ के संबंधों को लेकर नवाब पटौदी और शर्मिला नाराज हैं और वे इस शादी पर अपनी मुहर नहीं लगाना चाहते।
लेकिन अब जबकि पटौदी ने साफ तौर पर कह दिया है कि उन्हें इस शादी से कोई गुरेज नहीं है, लिहाजा सैफ-करीना का रास्ता आसान हो गया है और माता-पिता के दरवाजे भी उनके लिए खुले हुए हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या आप अपनी होने वाली बहू करीना से कभी मिले हैं? पटौदी ने कहा कि हाँ, मैं सिर्फ एक बार करीना से मिला हूँ। वह मुझे अच्छी लगती है।
पटौदी से यह भी पूछा गया कि कुछ लोग उनके खिलाफ परचे बाँटकर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं? पटौदी ने हँसते हुए कहा कि इसमें मैं क्या कर सकता हूँ। लोगों को अपना काम करने दीजिए और मुझे अपना काम। मैं उन्हें ऐसा करने से रोकने वाला कौन होता हूँ।
सनद रहे कि सैफ अली अपनी पूर्व पत्नी अमृतासिंह से तलाक ले चुके हैं। इन दोनों का एक बेटा भी है, जो कभी-कभार करीना कपूर के साथ देखा जाता है। करीना ने शाहिद कपूर से दूरियाँ बढ़ा ली थी और अकसर वे सैफ के साथ ही नजर आती है। नवाब पटौदी और शर्मिला की रजामंदी के बाद अब सैफ-करीना के नए सफर पर साथ-साथ चलने का रास्ता भी आसाँ हो गया है।
|