सुरक्षा बलों ने डोडा जिले में पाकिस्तान समर्थक हिजबुल मुजाहिदीन के एक प्रमुख स्वयंभू डिवीजनल कमांडर को मार गिराया है।
अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सेना और पुलिस की टीम ने सोमवार रात डोडा जिले के गंधो तहसील के बाटयास इलाके में छापा मारकर इस आतंकवादी को मार गिराया।
तलाशी के दौरान 26 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की संयुक्त टीम ने आतंकवादियों के उस गुप्त ठिकाने को ढूँढ निकाला, जहाँ यूनाइटेड जेहाद काउंसिल की बैठक चल रही थी।
दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान हिजबुल मुजाहिदीन का डिवीजनल कमांडर गुलाम हसन वानी उर्फ शमीम थुल मारा गया। वारदात के स्थान से सुरक्षा बल और पुलिस की संयुक्त टीम को एक एके राइफल, पिस्तौल सेटेलाइट, फोन ग्रेनेड और एक वायरलैस सेट बरामद हुआ है।
वर्ष 1992 में हिजबुल मुजाहिदीन गुट में शामिल होने वाले थुल ने पाक अधिकृत कश्मीर और अफगानिस्तान में स्थित आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण लिया था।
पाक अधिकृत कश्मीर में वह हिजबुल प्रमुख सलाउद्दीन का निजी सुरक्षागार्ड भी रह चुका था। इस वर्ष जनवरी से अब तक जम्मू-कश्मीर घाटी में हिजबुल गुट के 11 आतंकवादी मारे जा चुके हैं।
|