बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त और उनकी पत्नी मान्यता को राहत देते हुए यहाँ की सत्र अदालत ने उनके विवाह को चुनौती देने वाली याचिका पर बांद्रा मजिस्ट्रेट की ओर से जारी समन पर सोमवार को रोक लगा दी।
संजय और मान्यता के खिलाफ जारी समन में उन्हें बांद्रा की अदालत में पेश होने को कहा गया था। मेराज रहमान शेख की याचिका पर सुनवाई करते हुए संजय और उनकी पत्नी के खिलाफ समन जारी किया गया था। याचिका में मेराज ने कहा था कि वह मान्यता का पति है और अभिनेता से उसकी शादी अवैध है।
मेराज ने अपनी याचिका में दावा किया है कि उनका मान्यता के साथ निकाह अभी भी वैध है। मजिस्ट्रेट ने मेराज की शिकायत को स्वीकार करते हुए संजय और उनकी पत्नी मान्यता को 15 अप्रैल तक अदालत में पेश होने को कहा था।
मान्यता ने आज सत्र अदालत में याचिका दायर कर उनके खिलाफ जारी समन पर रोक लगाने और दंपति के खिलाफ जारी आपराधिक मामला रद्द किए जाने का अनुरोध किया।
सत्र अदालत ने बांद्रा की अदालत में जारी मामले की सुनवाई पर रोक लगाते हुए अगली सुनवाई के लिए 23 अप्रैल की तारीख मुकर्रर की है। मान्यता के वकील रिजवान शेख ने कहा कि मामले की सुनवाई अब सत्र अदालत करेगी।
|