उच्चतम न्यायालय ने 1993 में मुंबई श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों के सिलसिले में मोहम्मद मुश्ताक मूसा तूरानी और असगर यूसुफ मुकादम की मौत की सजा पर सोमवार को रोक लगा दी। प्रधान न्यायाधीश केजी बालाकृष्णन की अध्यक्षता वाली एक पीठ ने इन दोनों आरोपियों की टाडा अदालत द्वारा उन्हें दोषी ठहराने और मौत की सजा सुनाने के निर्णय को चुनौती देने वाली याचिका पर सीबीआई को नोटिस जारी किया। तूरानी और मुकादम को विभिन्न स्थलों पर विस्फोटक लगाने का दोषी पाया गया था, जिसमें करीब 100 लोग मारे गए थे।
मामले के मुख्य आरोपी टाइगर मेमन के लिए प्रबंधक के रूप में काम करने वाले मुकादम ने अन्य आरोपियों की मदद से मध्य मुंबई में दादर के प्लाजा थिएटर परिसर में आरडीएक्स से लदी वैन खड़ी की थी।
इस विस्फोट में दस लोग मारे गए और 36 लोग घायल हुए थे, जबकि 87 लाख रुपए की संपत्ति को नुकसान हुआ था। मुकादम इस मामले में सबसे पहले गिरफ्तार होने वाला व्यक्ति था।
|