जम्मू कश्मीर में 300 किलोमीटर लम्बे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की सुबह यातायात फिर से बहाल हो गया। भारी बारिश के बाद भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण कल राजमार्ग पर यातायात को रोक दिया गया था।
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजमार्ग पर विभिन्न स्थलों पर तैनात यातायात अधिकारियों से हरी झंडी मिलने के बाद इस मार्ग पर यातायात फिर से शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) पर राजमार्ग के रखरखाव की जिम्मेदारी है। बीआरओ ने पेंथल में राजमार्ग पर भूस्खलन और पत्थरों को हटवा दिया। पेंथल में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन और पत्थरों के गिरने के बाद यातायात को रोक दिया गया था। अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर और जम्मू दोनो तरफ से यातायात की अनुमति दे दी गई है।
|