मायावती-टिकैत प्रकरण में भारतीय किसान यूनियन के नेता महेन्द्रसिंह टिकैत को समर्थन देने वाले राजनीतिक दलों के नेताओं को उस समय झटका लगा, जब भाकियू नेता ने साफ कर दिया कि अभी किसी भी दल से गठजोड़ की संभावना नहीं है।
यूनियन के मुख्यालय सिसौली में टिकैत पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यूनियन सभी दलों का सम्मान करती है, जिन्होंने इस प्रकरण में उनका समर्थन किया है। उन्होंने लोकदल का नाम लिए बिना कहा कि किसी भी दल के साथ अभी गठजोड़ की संभावना नहीं है। भाकियू उचित समय पर किसान हित में उचित निर्णय लेगी। इसका निर्णय किसानों की राय से लिया जाएगा। गत दिनों बिजनौर अदालत में आत्मसमर्पण किए जाने के बारे में एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि किसी दबाव में नहीं, बल्कि कानून का सम्मान करते हुए वे अदालत गए।
|