अमिताभ बच्चन के साथ अपने शीतयुद्ध की खबरों को खारिज करते हुए शाहरुख खान ने शुक्रवार को कहा कि वे अमिताभ की बहुत इज्जत करते हैं और इस तरह की खबरों का अब उन पर कोई असर नहीं होता।
अमिताभ के साथ शीतयुद्ध के चलते रवि चोपड़ा की आगामी फिल्म 'भूतनाथ' के प्रदर्शन में विलंब की खबरों के बारे में उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं कहूँगा कि पत्रकारिता अपरिपक्व हो गई है, मैं कहूँगा कि पत्रकारिता युवा हो रही है।
उन्होंने कहा कि पहले बिग बी के साथ उनके शीतयुद्ध की खबरें उन्हें परेशान करती थीं। उन्होंने कहा कि हम दोनों इतने परिपक्व और पढ़े-लिखे लिखे हैं कि इन खबरों का असर नहीं होता।
शाहरुख ने कहा कि मैं अमिताभ बच्चन की बहुत इज्जत करता हूँ और वे भी मेरी इज्जत करते हैं। हमने भूतनाथ की शूटिंग में बहुत मजा किया। साथ काम करने पर संबंधों में गर्मजोशी आती है अन्यथा हम सभी इतने व्यस्त हैं कि मिलने-जुलने का ही समय नहीं होता।
शाहरुख ने सवालों के जवाब में इन अटकलों को खारिज किया कि वे टीवी गेम शो 'क्या आप पाँचवीं पास से तेज हैं' से बाहर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अप्रैल फूल था। मैंने तीन एपिसोड की शूटिंग कर ली है और इस हफ्ते भी शूटिंग कर रहा हूँ।
अक्षय कुमार और सलमान खान के भी टीवी शो का प्रस्तोता बनने की खबरों पर उन्होंने कहा कि अक्षय के बारे में उन्हें पता नहीं, लेकिन सलमान जरूर एक शो करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा है, जितने ज्यादा अच्छे शो हों उतना ही अच्छा है।
|