प्रतिबंधित संगठन सिमी के गिरफ्तार किए गए प्रमुख आरोपी सफदर नागौरी, कमरुद्दीन नागौरी और आमिल परवेज का नार्को टेस्ट होगा। न्यायालय ने पुलिस को नार्को टेस्ट की अनुमति दे दी है। उधर, पुलिस द्वारा चोरल के समीप स्थित जिस फॉर्म हाउस पर सिमी का ट्रेनिंग कैंप लगा था, उस फॉर्म हाउस के मालिक और उसके पुत्र को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने 27 मार्च को सिमी के 13 आतंकवादियों को श्याम नगर (पूरणदास की बगीची) स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया था। सभी आतंकवादी 11 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर हैं। इनसे एपीटीसी के भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच देश के कई राज्यों की पुलिस और खुफिया एजेंसियाँ पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आतंकवादियों में प्रमुख सफदर नागौरी, कमरुद्दीन नागौरी और आमिल परवेज का नार्को टेस्ट कराने की अनुमति धार न्यायालय द्वारा प्रदान की गई है। पुलिस द्वारा नार्को टेस्ट के माध्यम से सचाई का पता लगाया जाएगा।
इस बीच पुलिस ने चोरल नदी से 12 किलोमीटर दूर जंगल में स्थित फॉर्म हाउस के मालिक शहजाद हुसैन (50) व इसके पुत्र नफसीर (26) निवासी किशनगंज, महू को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उक्त फार्म हाउस का उपयोग सिमी के ट्रेनिंग कैंप लगाने हेतु किया गया था।
|