पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में राजरहाट के पास नहर में एक निजी बस के गिरने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए।
राजरहाट, गोपालपुर नगरपालिका के अध्यक्ष तापस चटर्जी ने बताया कि 4217 बी रूट की बस नारायणपुर से बाबूघाट जा रही थी तब वह सड़क से फिसल कर नहर में गिर गई।
जिला मजिस्ट्रेट प्रभात मिश्रा ने बताया अभी तक हमें 15 लोगों के मारे की सूचना मिली है। बचाव कार्य में लगे बीएसएफ सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ की 104वीं बटालियन की 15 सदस्यीय दल ने तीन शवों को निकाल लिया है।
आईजीपी (कानून एवं व्यवस्था) राज कनोजिया ने बताया कि इस घटना में पुलिस ने 30-35 घायलों को बचा लिया है और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि इस घटना में घायल बच्चों की हालत चिंताजनक है। दो क्रेनों से बस को बाहर निकाल लिया गया है।
चटर्जी ने कहा कि नहर से शवों को निकालने के लिए तैराकों को बुलाया गया है। बचाव कार्य में स्थानीय लोग भी लगे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी घटनास्थल पर पहुँच गई और आपदा प्रबंधन दल नहीं गठित करने का आरोप लगाया। इस घटना के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की ओर आवाजाही प्रभावित हुई है।
|