असम में शिवसागर, गोलाघाट और जोरहाट जिलों एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में विषैला मशरूम खाने से कम से कम 15 लोगों की मृत्यु हो गई है और 45 बीमार हो गए है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यहाँ बताया कि बुधवार की रात गोलाघाट जिले में जहरीला मशरूम खाने से सात लोगों की मौत हो गई, इनमें से ज्यादातर बच्चे हैं। बहुपथार के जंगल से एकत्र किए गए मशरूम खाने से ये लोग बीमार हुए थे।
मशरूम खाने से लोगों के मरने और बीमार पड़ने से क्षेत्र में दशहत का माहौल है। जिला प्रशासन ने इन घटनाओं की जाँच के आदेश दिए हैं और लोगों से मशरूम न खाने का आग्रह किया गया है।
ऊपरी असम के जंगलों में इन दिनों उगने वाले मशरूम में काफी प्रोटीन पाया जाता है। हालाँकि लोग खाने योग्य और जहरीले मशरूम में अक्सर भेद नहीं कर पाते।
सूत्रों के अनुसार जोरहाट जिले में मशरूम खाने से पिछले सप्ताह पाँच लोगों की मृत्यु हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि विषैले मशरूम में बहुत तेज जहर होता है जो प्रायः जानलेवा भी हो जाता है।
|