उत्तरप्रदेश के राष्ट्रीय एकीकरण विभाग ने आगामी 14 अप्रैल को 'भारत रत्न' डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयन्ती पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजित कराने का निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी जिलों में निबन्ध, खेलकूद, पेंटिग तथा वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी।
यह जानकारी राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के सचिव डॉ. ललित वर्मा ने देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित होने वाले-निबन्ध, खेलकूद, पेंटिंग तथा वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के लिए प्रति जनपद 20 हजार रुपए तथा प्रति कार्यक्रम हेतु 5 हजार रुपए की राशि जिला अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ये प्रतियोगिताएँ अपने जिलों में चार चरणों में आयोजित कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। पेंटिंग प्रतियोगिता हाईस्कूल स्तर के छात्र-छात्राओं के लिए होगी। वाद-विवाद प्रतियोगिता कालेज स्तर पर आयोजित की जाएगी।
वर्मा ने कहा कि जिलाधिकारी इसमें से उत्कृष्ट निबन्ध और पेटिंग का चयन करके शासन को भेंजेगे, जहाँ एक उच्च स्तरीय चयन समिति द्वारा सर्वोत्कृष्ट निबन्ध व पेंटिंग का चयन किया जाएगा। चयनित निबन्ध व पेंटिंग के प्रतियोगी को प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार रुपए एवं तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपए प्रदान किया जाएगा।
सचिव ने कहा कि राज्य स्तर पर डॉ. भीमराव अम्बेडर विश्वविद्यालय अथवा लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से एक सेमिनार आयोजित कराया जाएगा। डॉ. वर्मा ने यह भी जानकारी दी की विश्वविद्यालयों में रिसर्च फेलो को वित्तीय सहायता प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया है।
यह सहायता ऐसे रिसर्च फेलो को मिलेगी, जिनका नामांकन विश्वविद्यालय में वर्ष 2008 में हुआ हो। जिन्होंने डॉ.अम्बेडकर के विचार पर तथा राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में कम से कम पाँच-छः माह तक निरन्तर काम किया हो और जिनके सम्बन्ध में सम्बन्धित विश्वविद्यालय के कुलपति का प्रमाण पत्र प्राप्त हो, को 25 हजार रुपए की फेलोशिप प्रदान की जाएगी। ये वित्तीय सहायता उन्हीं रिसर्च फेलो को मिलेगी, जिन्हें किसी अन्य स्रोत से मदद न मिल रही हो।
|