पुलिस ने सेना के कैप्टन चैतन्य भटवाडेकर को अपनी पत्नी कैप्टन मेघा राजदान की हत्या की साजिश के सन्देह में गिरफ्तार कर लिया है। पिछले वर्ष मेघा का शव उनके सरकारी आवास पर पंखे से लटकता पाया गया था।
गंगयाल पुलिस स्टेशन सूत्रों ने बताया कि कैप्टन चैतन्य को अपनी पत्नी मेघा की हत्या की साजिश के सन्देह में कल रात गिरफ्तार किया गया। उन पर राज्य की रणबीर दंड संहिता आरपीसी की धारा 306 और 498-ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कैप्टन चैतन्य को आज अदालत में पेश किया जाएगा। हालाँकि शीर्ष सैन्य अधिकारियों को आधिकारिक तौर पर कैप्टन चैतन्य की गिरफ्तारी की सूचना नहीं दी गई है और इस मामले में सेना की तरफ से की जा रही कोर्ट ऑफ इंक्वायरी अभी पूरी नहीं हुई है।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एसडी गोस्वामी ने बताया कि कैप्टन चैतन्य की गिरफ्तारी से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना हमें नहीं मिली है। कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी तक यह लंबित ही है और पुलिस ने कैप्टन चैतन्य की ब्रेन मैपिंग तथा नारको परीक्षण की रिपोर्ट नहीं दी है।
उल्लेखनीय है कि कैप्टन मेघा का शव पिछले एक जुलाई को कुंजवानी स्थित उनके सरकारी आवास के कमरे में पंखे से लटकता पाया गया था। उनकी गर्दन और पेट पर अँगूठे के निशान थे और बाई टाँग पर चोट तथा पेट पर खून के छीटें पाए गए थे।
सेना की एक महिला अधिकारी की इस तरह से हुई मौत से एक नया विवाद छिड़ गया था क्योंकि उनके घर से बरामद आत्महत्या नोट में लिखा था कि सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के कथित उत्पीड़न के चलते वह आत्महत्या करने को मजबूर है। कैप्टन मेघा और उनके पति सेना की 113वीं इंजीनियरिंग रेजीमेंट में तैनात थे।
|