मेघालय में मार्च से अब तक मलेरिया और मस्तिष्क ज्वर से 36 लोगों की मौत से चिन्तित स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा दल भेजे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. केएच लाकियांग ने बताया कि 36 में से 31 लोग पूर्वी गारो जिले में मलेरिया से मारे गए, जबकि अन्य पाँच लोगों की मौत मस्तिष्क ज्वर से राज्य के अन्य हिस्सों में हुई। डॉ. लाकियांग ने बताया कि मलेरिया से ज्यादातर मौत पूर्वी गारो हिल्स के वाकेचिकोंग, सिलचांग, गंडुल, नैनगिरी और मंगसाग गाँवों में हुई है।
उन्होंने बताया कि मारे गए 31 लोगों में प्लासमोडियम फैल्सिफोरम (पीएफ) मलेरिया की पुष्टि हुई है, जबकि शेष पाँच मामले सेलेब्रल मलेरिया के हैं।
उन्होंने बताया कि इस साल मलेरिया का प्रकोप समय से पूर्व शुरु हो गया और हमने प्रभावित क्षेत्रों में चिकत्सकों के दल रवाना कर दिए हैं। ये दल इन क्षेत्रों में डीडीटी पावडर का छिड़काव कर रहे हैं और स्थिति की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा यहाँ जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
|