उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के विरुद्ध जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बिजनौर ने आरोपी भाकियू नेता महेन्द्रसिंह टिकैत के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। अभियोजन सूत्रों के अनुसार सोमवार को इस मामले में पुलिस की प्रार्थना पर अदालत ने टिकैत के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इस मामले में पुलिस ने अजा/जजा उत्पीड़न निवारण अधिनियम की धारा 3 (1), 10 व 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट तथा धारा 504 भादसं के तहत टिकैत के विरुद्ध मामला दर्ज किया था। इस बीच मुजफ्फरनगर जिले में भी बलवा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि कई धाराओं में भाकियू कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मामले दर्ज किए गए हैं।
समर्थकों ने मायावती का पुतला फूँका : भाकियू मुख्यालय सिसोली में टिकैत समर्थकों ने एक व्यक्ति को महिला का रूप देकर जुलूस निकाला तथा मुख्यमंत्री मायावती का पुतला फूँका। इस दौरान सरकार के विरुद्ध नारे लगाए गए।
|