जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को समय से दो माह पूर्व अगले माह तक फिर से खोले जाने की संभावना है। राज्य में तकनीकी शिक्षा एवं युवा मामलों के मंत्री हाजी निसार अली ने बताया कि सड़क से बर्फ हटाई जा चुकी है। लिहाजा 434 किलोमीटर लंबे राजमार्ग को यातायात के लिए खोले जाने का निर्णय जल्द ही लिया जाएगा।
लद्दाख क्षेत्र और कश्मीर घाटी को जोड़ने वाला यह एकमात्र मार्ग है। 11 558 फुट ऊँचाई पर स्थित जोजिला दर्रे पर भारी हिमपात होने के कारण यह राजमार्ग नवंबर से मई तक बंद रहता है।
कल जोजिला का दौरा करने के बाद अली ने बताया कि इस साल की शुरुआत से ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा सड़क से बर्फ को हटाने का काम जारी है, ताकि नियत समय से काफी पहले ही इस मार्ग को खोला जा सके।
उन्होंने बीआरओ के काम की तारीफ करते हुए कहा कि संगठन के पास सड़क साफ करने के लिए मई तक का समय था, पर उन्होंने मार्च में ही यह काम कर दिखाया।
|