डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर दो बार प्राणघातक हमला होने के बाद हरियाणा सरकार ने उन्हें सुरक्षा देने का निर्णय लिया है।
अंबाला न्यायालय में जब भी सिंह सुनवाई के लिए जाएँगे उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाएगी। सिंह पर बलात्कार और हत्या के मामले दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई अंबाला न्यायालय में चल रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि गत 2 फरवरी को करनाल जिले में सिंह और उनके रक्षक दल पर हमला हुआ था, जब वे न्यायालय की सुनवाई के बाद लौट रहे थे। सिरसा के घुकानवाली गाँव में पिछली 16 जुलाई को भी सिंह तथा उनके रक्षक दल पर भीड़ ने हमला किया था।
डेरा प्रमुख पर आरोप है कि उन्होंने अपनी शिष्या के साथ बलात्कार किया था। हत्या के दो मामलों से जुड़े होने का भी सिंह पर आरोप है। एक विज्ञापन में सिखों के दसवें गुरु गोबिंदसिंह के समान पहनावे में नजर आने के बाद से डेरा प्रमुख कई विरोधी संगठनों के निशाने पर हैं।
|