युवा कांग्रेस नेता राहुल गाँधी को यहाँ प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब बताया गया कि लड़कियाँ उन्हें सुंदर और आकर्षक मानती हैं, तो उनके चेहरे पर लाज की लाली छा गई।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के पूर्व अपनी पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए राज्य के दौरे पर आए गाँधी से पत्रकारों ने पूछा कि जब लड़कियाँ उन पर फिदा होती हैं तो वे इस स्थिति का कैसे सामना करते हैं।
गाँधी से पूछा गया कि क्यों लड़कियाँ और महिलाएँ उनसे हाथ मिलाने के लिए बेताब रहती हैं और इसके लिए वे किसी भी हद तक चली जाती हैं। इसके जवाब के लिए वे सावधानीपूर्वक शब्द चुनने के लिए रुके और इस दौरान उनके चेहरे पर मुस्कराहट और शर्म का मिलाजुला भाव देखने लायक था।
यह पूछने पर कि लड़कियों के बीच अपनी सुंदर और आकर्षक होने की छवि कैसे बरकरार रखी, उन्होंने कहा- 'लड़कियाँ मुझे सुंदर मानती हैं, यह जानकर मुझे बहुत खुशी हुई।'
शादी के बारे में पूछने पर गाँधी ने कहा कि यह निजी सवाल है और इसका जवाब भी वे निजी रूप में दे सकते हैं। गाँधी घर बसाने की योजना के सवाल को बड़े ही निराले अंदाज में टाल गए।
महँगाई से निपटेंगे : राहुल गाँधी ने महँगाई पर भी चिंता जताई, लेकिन साथ में यह भी कहा कि समस्या के समाधान के उपाय किए जाएँगे। महँगाई को बड़ी समस्या बताते हुए उन्होंने कहा कि महँगाई रोकना देश, गरीबों और खुद कांग्रेस पार्टी के हित में होगा। आज महँगाई बे-लगाम हो गई है। इसे रोकने के उपाय हर स्तर पर होना चाहिए।
|