मध्यप्रदेश के भिंड जिले के जंगल में शनिवार तड़के पुलिस और डकैत गिरोह के साथ मुठभेड़ में चार डकैत मारे गए। पुलिस ने उनके चंगुल से एक व्यापारी को मुक्त कराने में भी सफलता हासिल की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अटेर थाना क्षेत्र में चंबल नदी के समीप बीहड़ में मुठभेड़ अभी भी जारी है। इसमें उत्तरप्रदेश के एक दस्यु गिरोह के चार सदस्य मारे गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने डकैतों के चंगुल से भिंड से तीन मार्च को अगवा किए गए आलू व्यापारी केशव जैन को मुक्त करा लिया है।
भिंड के पुलिस अधीक्षक निरंजन बी. वायंगणकर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि केशव जैन को छुड़ाने के लिए उसके परिजन फिरौती की रकम देने जंगल में गए हैं। इस आधार पर क्षेत्र में डकैतों की घेराबंदी की गई।
उन्होंने बताया कि डकैतों द्वारा अपहृत को मुक्त करने के बाद मुठभेड़ हुई, जिसमें उत्तरप्रदेश के गुड्डन काछी गिरोह के चार सदस्य मारे गए। जंगल में तलाशी अभियान जारी है।
पुलिस के अनुसार 16 सदस्यीय गुड्डन काछी गिरोह राजस्थान और उत्तरप्रदेश में ही वारदातें करता है, उसने मध्यप्रदेश में अपहरण की यह पहली वारदात की थी।
|