पटना के अदलचक गाँव में शुक्रवार शाम एक महिला की डायन होने के आरोप में ग्रामीणों ने पेड़ से बाँधकर पिटाई की और उसके बाल काटकर गाँव में घुमाया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहाँ बताया कि अदलचक गाँव में ग्रामीणों ने 45 वर्षीय लालपरी देवी नामक महिला की पिटाई की और उसके बाल काटकर गाँव में घुमाया।
गाँव में मानसिक रोग से ग्रस्त एक महिला मनोरमा देवी की हालत कल जब बिगड़ने लगी तो उसके पति राम अयोध्या राय ने इसके लिए लालपरी को जिम्मेदार ठहराते हुए अपने पड़ोसियों की मदद से उसे पेड़ से बाँध दिया और बुरी तरह पिटाई की। बाद में राय ने लालपरी देवी के बाल काट डाले और उसके चेहरे पर चूना पोत दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहाँ पहुँची और लालपरी को मुक्त कराकर उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ से आज सुबह उसकी हालत बेहतर होने पर उसे घर भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में राम अयोध्या राय को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
|