ऐतिहासिक जलियाँवाला बाग स्मारक में आने वाले पर्यटकों को जल्द ही वहाँ प्रवेश शुल्क देना पड़ सकता है। इस संबंध में स्मारक का रखरखाव करने वाले जलियाँवाला बाग स्मारक ट्रस्ट ने एक प्रस्ताव केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को भेजा है।
जलियाँवाला स्मारक ट्रस्ट के सचिव एस. मुखर्जी ने बताया कि ट्रस्ट ने केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को एक पत्र लिखा है जिसमें इस ऐतिहासिक स्मारक में आने वाले लोगों से प्रवेश शुल्क लेने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि हम यहाँ दृश्य एवं श्रव्य कार्यक्रम पेश करने जा रहे हैं, जिसमें 13 अप्रैल 1919 को जनरल डायर के नेतृत्व में निहत्थे भारतीयों पर ब्रिटिश सैनिकों की गोलीबारी की झाँकी प्रस्तुत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दृश्य एवं श्रव्य कार्यक्रम के लिए तैयारियाँ पहले ही शुरू की जा चुकी हैं और इस पर लगभग पाँच करोड़ रुपए खर्च आएगा।
मुखर्जी ने कहा कि पूरे स्मारक परिसर की रूपसज्जा को नया रूप दिया जाएगा। जल्द ही स्मारक परिसर में एक बड़ा संग्रहालय स्थापित किया जाएगा।
|