महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने एक बार फिर अभिनेता अमिताभ बच्चन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस बार पोस्टर के जरिये अमिताभ पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा गया है।
पुणे जिले में कृषि भूमि दान करने के निर्णय से पीछे हटने के लिए अमिताभ के कार्टून बनाकर उनका उपहास उड़ाया गया है। हालाँकि शिवसेना से अलग हुई इस पार्टी ने पोस्टर में बिग-बी के नाम का उल्लेख नहीं किया है, लेकिन उन पर किया गया कटाक्ष स्पष्ट है।
मराठी में लिखे बड़े पोस्टर पर एक व्यक्ति को उकेरा गया है, जो कह रहा है 'माझे दान परत करा' (मेरा दान वापस करो)। नीचे की ओर लिखा है 'सुप रस्टार शेतकरी' (सुपर स्टार किसान)।
ये कार्टून पोस्टर कल रात दादर में लगाए गए थे। हालाँकि सुबह पोस्टर गायब थे। एमएनएस का दावा है कि पुलिस ने पोस्टर हटाए हैं।
पोस्टरों पर टिप्पणी करते हुए एमएनएस के प्रवक्ता ने इस बात को खारिज किया है कि पार्टी बिग-बी का मजाक उड़ा रही थी। प्रवक्ता ने कहा वह सिर्फ हमारी खुशी जाहिर करने के लिए था कि अगर एक महानायक किसान बन जाता है तो यह किसानों के लिए बेहतर और ग्लैमर से भरे दिनों को दर्शाता है।
एमएनएस ने बिग-बी पर अपने निर्णय से पलटने को लेकर प्रहार किया है। अमिताभ बच्चन ने पहले यह फैसला किया था कि पुणे में खरीदी कृषि भूमि को वे किसानों को दान कर देंगे, लेकिन बाद में मावल तालुका के अनुविभागीय अधिकारी को भेजे एक पत्र में उन्होंने कहा कि वे अब बिना किसी शर्त के अपने पूर्व के उस निर्णय को वापस लेना चाहते हैं, जिसमें उन्होंने वास्तविक मालिकों को उनकी भूमि दान करने की बात कही थी।
यह दूसरी बार हुआ है, जब बिग-बी एमएनएस का निशाना बने हैं। एमएनएस ने पहली बार इस महानायक को तब निशाना बनाया था, जब पिछले माह हुए एक कार्यक्रम में उनके नेता राज ठाकरे ने अमिताभ पर महाराष्ट्र के बजाय उनके गृह राज्य उत्तरप्रदेश के प्रति अधिक निष्ठा रखने का आरोप लगाया था।
|