सुप्रसिद्ध सिने अभिनेत्री व नृत्यांकना हेमामालिनी ने कल जयपुर में द्रौपदी नृत्य नाटिका की भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से द्रौपदी के जीवन वृतांत की अनुपम झलकियाँ प्रस्तुत की।
अमरूदों के बाग में बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने हेमामालिनी की इस जीवन्त प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की।
महाभारत की नायिका द्रौपदी के स्वयंवर से लेकर उसके जीवन के विभिन्न पहलुओं के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का संदेश देने वाली इस नृत्य नाटिका में सशक्त अभिनय पक्ष देखने को मिला।
भूषण लखेन्द्री के नृत्य निर्देशक, संगीतकार- गीतकार रविन्द्र जैन के मधुर संगीत व शब्दों को गायक सुरेश वाडकर, रूपकुमार राठौड़, गायिका कविता कृष्णमूर्ति और साधना सरगम ने भावपूर्ण तरीके से अपने स्वरों में ढाला।
नृत्य नाटिका की प्रस्तुति व निर्देशन हेमामालिनी ने किया। कथानक लेखिका प्रतिभा राय के ग्रन्थ पर केन्द्रित था। कार्यक्रम की शुरुआत में करन चक्रवर्ती ने नृत्य नाटिका की भाव भूमिका प्रस्तुत की।
|