सेना के जवानों के अथक प्रयासों से आगरा के समीप तेहरा नामक गाँव में मंगलवार की शाम से 180 फीट गहरे बोरवेल में गिरी करीब ढाई साल की मासूम बच्ची वंदना को बुधवार की रात साढ़े नौ बजे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
समाचार लिखे जाने के समय तक वंदना एसएम मेडिकल कॉलेज में सामान्य स्थिति में आ गई थी, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक उसे 48 घंटे निगरानी में रहना होगा।
सनद रहे कि वंदना करीब 27 घंटों तक बोरवेल में फँसी रही थी। सेना के जवानों के प्रयासों के बाद अंतत: बच्ची को निकाल लिया। यह बच्ची 45 फीट पर जाकर अटक गई थी।
जब सेना के जवान सुरंग के जरिये उसे निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी मिट्टी धँसने से वंदना डेढ़ फीट नीचे खिसक गई। सेना ने कुछ देर अपना अभियान रोका और फिर नया गड्ढा खोदा गया। इसके बाद वंदना को सुरक्षित निकाला।
वंदना के लिए पूरे देश में करोड़ों लोग प्रार्थना कर रहे थे। नीली छतरी वाले ने भी आखिरकार लोगों की दुआएँ कबूल की। जब वंदना को बाहर निकाला गया, तब वह बेहोश थी।
2 साल पहले हरियाणा के कुरुक्षेत्र में प्रिंस नामक एक बच्चा 160 फीट बोरवेल मे जा गिरा था और तब भी सेना के जवानों ने ही उसे बाहर निकालकर नया जीवन दिया था।
|