उत्तरप्रदेश के कानपुर नगर मे बिधनू थाना क्षेत्र के कठेरूआ गाँव में विधवा पेंशन ले रहीं नौ सुहागिन महिलाएँ गिरफ्तारी के डर से फरार हो गई हैं।
जाँच के बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सोमवार को सभी नौ महिलाओं और जिला प्रोबेशन कार्यालय के एक कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंन इस घोटाले में और लोगों के भी शामिल होने की आशंका प्रकट की है।
विधवा पेंशन में कथित रूप से हो रहे भुगतान का खुलासा होने पर सम्बन्धित विभाग में हड़कंप मच गया। जिला प्रोबेशन कार्यालय में विधवा पेंशन ले रहीं महिलाओं के फार्म नदारत थे। रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद सभी नौ महिलाएँ फरार हो गई हैं।
ज्ञात हो कि पिछले रविवार को कचहरी स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय में आग लगने से विधवा पेंशन के साथ चकबंदी कार्यालय के कागजात भी जल गए थे। आशंका व्यक्त की जा रही है कि घोटालेबाजों ने साक्ष्य मिटाने के लिए ही आग लगाई है। आग बुझाने के बाद प्रोबेशन कार्यालय को सील कर दिया गया।
|