धुलेंडी की रात शहर में खून की होली खेलने वाले 3 सिरफिरे हत्यारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नशे की हालत में आरोपियों ने दो लोगों की हत्या के अलावा छः लोगों को चाकू मारे थे।
आरोपियों ने नाईट्रावेट की गोलियाँ खाने के बाद शराब पी और फिर एक के बाद एक वारदात करते चले गए। पकड़े गए सभी आरोपियों की आयु महज 20 वर्ष के आसपास है।
पुलिस अधीक्षक अंशुमान यादव ने बताया कि पुलिस दलों ने तीनों आरोपियों को अहमदाबाद, देवास और इंदौर गिरफ्तार कर लिया। तीनों ही भागीरथपुरा के निवासी हैं। पकड़े गए युवकों के नाम राजकुमार उर्फ ललित पिता कन्हैयालाल यादव (20), कालू उर्फ ललित पिता श्यामलाल (20) और राजू उर्फ गाँधी पिता सुंदरलाल (20) निवासी चिराड़ मोहल्ला भागीरथपुरा है।
आरोपियों के कब्जे से खून से सना खंजरनुमा चाकू और लूटे गए मोबाइल फोन आदि भी बरामद हुए हैं। इनकी धरपकड़ के लिए एएसपी महेशचंद्र जैन व मनोज सिंह के नेतृत्व में पुलिस दलों का गठन किया गया था। इसमें सीएसपी सर्वश्री संजय सिंह, गिरीश सूबेदार, शैलेंद्र चौहान सहित अन्य अधिकारी सम्मिलित थे।
परदेशीपुरा से हुए थे रवाना : एसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों ने धुलेंडी की शाम परदेशीपुरा स्थित शराब की दुकान पर शराब पी। एक आरोपी राजकुमार ने नाईट्रावेट की डेढ़ गोलियाँ भी खाईं। यहाँ से तीनों राजकुमार की मोटरसाइकल क्रमांक एमपी 09 एमजे 8134 पर करीब साढ़े सात बजे निकल पड़े। सुभाष नगर, भंडारी रेलवे क्रॉसिंग होते हुए मरीमाता रोड पहुँचे और वहाँ से गुजर रहे राजेंद्र सिंह को चाकू मारकर पर्स छीन लिया। यहाँ रामबाग होते हुए स्कीम न.51 पहुँचे जहाँ उन्होंने संजय रघुवंशी को चाकू मारकर मोबाइल और 2000 रु. लूट लिए थे।
रास्ते में फिर पी : स्कीम न.51 की वारदात करने के बाद आरोपी देवास नाका क्षेत्र स्थित ढाबे पर खाना खाने के लिए निकले। रास्ते में अँगरेजी शराब की दुकान से दो बोतल शराब और बीयर लेकर पी। देवास नाका क्षेत्र में ढाबा बंद होने पर रिंगरोड़ होते हुए विष्णुपुरी पहुँचे और पति के साथ टहल रही श्रीमती कांताबाई को चाकू मारकर मंगल सूत्र छीनने का प्रयास किया।
यहाँ से तीनों चिड़ियाघर होते हुए डेंटल कॉलेज के सामने पहुँचे। वहाँ से गुजर रहे 14 वर्षीय जमील नामक युवक से कुछ कहासुनी हुई तो उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए और भाग निकले। बाद में जमील की मौत हो गई।
इसके बाद दवा बाजार के पास से गुजर रहे दिनेश गोदले को चाकू मारकर मोबाइल फोन और 1500 रुपए छीन लिए। इसके बाद मधुमिलन टॉकीज के पास से गुजर रहे संदीप चिकलिया नामक युवक को चाकू मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कालू चला रहा था बाइक : इस पूरे घटनाक्रम में आरोपी कालू मोटरसाइकल चला रहा था,जबकि राजू उतरकर लोगों की तलाशी लेता और उनसे रुपए छीन लेता था। राजकुमार के हाथ में चाकू था व सभी पर उसी ने वार किए थे।
वारदात के बाद खाना खाया : हत्यारों की मनःस्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इतने खूनखराबे के बाद उन्होंने सरवटे बस स्टैंड पर एक होटल में आराम से खाना खाया और घर जाकर सो गए। जब नशा उतरा तो पुलिस याद आई और तीनों भाग निकले। घर पहुँचने के पहले तीनों ने लूटे गए रुपए और मोबाइल फोन भी बाँट लिए थे।
अहमदाबाद और गुना भागे थे आरोपी : एएसपी महेशचद्र जैन ने बताया कि गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों का सुराग लगने के बाद कालू धोबी को लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से घेराबंदी कर पकड़ा गया। वह नंदानगर में साइकल सुधारने का काम करता है। उसने पूछताछ में सारी बात उगल दी। उसने बताया कि राजू की रिश्तेदारी गुना में है।
पुलिस दल गुना पहुँचा तो पता चला कि राजू बीनागंज में उतर कर देवास की ओर भागा है। दल ने राजू को देवास में धरदबोचा। राजू पुताई का काम करता है। तीसरे आरोपी राजकुमार को अहमदाबाद के पार्श्वनाथ टाउनशिप कृष्णनगर से पुलिस ने गिरफ्तार किया गया।
|