कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने कर्नाटक के सुदूर जंगलों में प्रियंका से मुलाकात की।
यह प्रियंका उनकी बहन नहीं बल्कि एक आदिवासी दंपति की नवजात बालिका थी, जिससे उन्होंने राज्य के पाँच दिवसीय चुनावी दौरे की शुरुआत के समय मुलाकात की।
कांग्रेस नेता की यात्रा के समय एक क्लीनिक में जन्मी यह बच्ची दंपति के परिवार के लिए खास बन गई है। बच्ची के पिता बसवन राजू ने सकुचाते हुए कहा हमने अपनी बच्ची का नाम प्रियंका रखा है, क्योंकि हम चाहते हैं कि वह एक नेता बने और दूसरों के लिए उदाहरण पेश करे।
विवेकानंद आदिवासी क्लीनिक के रेजीडेंट डॉक्टर दीपक एमजी ने कहा कि यह एक संयोग ही है कि उमा (शिशु की माँ) ने राहुल के दौरे के समय बच्ची को जन्म दिया।
राजू और उसकी पत्नी इस इलाके के आदिवासी समुदाय से संबंधित हैं और यह उनकी तीसरी संतान है। राजू ने कहा हम एक लड़के की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन राहुल गाँधी द्वारा आशीर्वाद दिए जाने जाने के बाद बालिका के प्रति हमारा नजरिया बदल गया है।
राहुल ने धर्मार्थ संगठन द्वारा चलाए जा रहे इस क्लीनिक के अन्य रोगियों से भी मुलाकात की।
|