दिल्ली स्थित समाचार एजेंसी एएनआई के पत्रकार विनय द्विवेदी की आज यहाँ उनकी भाभी के भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सम्बंध में भाभी और भाभी के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी आनंद स्वरूप ने बताया कि विनय दिल्ली में एएनआई न्यूज एजेंसी में पत्रकार था। वह होली पर अपने भैया रवि द्विवेदी और भाभी प्रिया के पास इलाहाबाद आया था। कल चूँकि भैयादूज था इसलिए तीनों लोग प्रिया के कानपुर के पनकी इलाके में रहने वाले भाई अजय दीक्षित से मिलने आए थे।
आज सुबह अजय और विनय में किसी बात पर झगड़ा हुआ जिसमें अजय ने विनय पर गोली चला दी और बाद में उसे केपीएम अस्पताल में भर्ती कराकर भाग गया जहाँ बाद में विनय की मौत हो गई। एसएसपी के मुताबिक बाद में पुलिस ने विनय के भाई रवि, भाभी प्रिया और प्रिया के भाई अजय को पनकी स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जाँच में यह पता चला है कि विनय के अपनी भाभी से अवैध सम्बंध थे जिसके कारण अजय ने यह हत्या की है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
|