राजस्थान के चित्तौड़ शहर में रंग पर्व होली पर हुई सांप्रदायिक घटनाओं पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगाया गया कर्फ्यू जारी है, वहीं पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में 42 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। जिला प्रशासन द्वारा पुराने शहर में लगाया गया कर्फ्यू जारी है।
शहर में हुई सांप्रदायिक घटनाओं, तोड़फोड़, आगजनी, हिंसा आदि के मामले में कोतवाली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में कुल चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने आज यहाँ बताया कि जिला प्रशासन हालात पर निगाह रखे हुए है तथा स्थिति सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कटारिया चितौड़गढ़ में स्थिति का जायजा लेकर सुबह लौटे हैं।
उन्होंने बताया कि आज परीक्षार्थियों को प्रवेश-पत्र के आधार पर परीक्षाओं में सम्मिलित होने की छूट दी गई है। स्थिति की समीक्षा के बाद ही कर्फ्यू में ढील देने पर विचार किया जाएगा।
|