बॉलीवुड अभिनेत्री कोएना मित्रा जल्द ही एक्शन से भरपूर एक हॉलीवुड फिल्म में नजर आएँगी और इसके लिए उन्होंने विभिन्न मार्शल विशेषज्ञों से विशेष प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया।
इंडियन क्रिकेट लीग मैच के दौरान कार्यक्रम पेश करने यहाँ आई कोएना ने बताया कि इस फिल्म का नाम 'कर्ण' है। इस फिल्म में आप मुझे कई स्टंट दृश्यों में देखेंगे। इसके लिए मैंने मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया है।
इस फिल्म के बारे विस्तार से बताने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि यहाँ तक कि बच्चे भी इस फिल्म का आनंद उठा सकेंगे।
गौरतलब है कि कोएना को रामगोपाल वर्मा की फिल्म 'रोड' में एक डांस नबंर के जरिये बॉलीवुड में प्रवेश मिला था। उन्होंने बताया कि उनकी अगली हिन्दी फिल्म का नाम अनामिका है, जिसमें उनके हीरो डीनो मारियो हैं और इस फिल्म में मिनीषा लाम्बा भी काम कर रही हैं।
भविष्य की योजनाओं संबंधी एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में योजना बनाकर कुछ भी करना संभव नहीं है। बॉलीवुड में काम करना जुए के समान है। मैं यहाँ अपने अनुभवों से सीख रही हूँ।
|