कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों ने एक टैंकरोधी बारूदी सुरंग को निष्क्रिय कर तथा कुछ विस्फोटक बरामद कर एक बड़े हादसे को टाल दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल ने बाँदीपुरा में अजस के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने एक टैंक रोधी बारूदी सुरंग का पता लगाकर उसे निष्क्रिय कर दिया। कुछ अन्य विस्फोटक भी बरामद किए गए।
इस बीच, राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल ने गंदेरबल जिले के हलनार इलाके में संयुक्त अभियान चलाकर आतंकवादियों के छिपने के एक ठिकाने से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। इस दौरान एक आतंकवादी भी पकड़ा गया।
|