बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन एक यूरोपीय शहर में अस्पताल में भर्ती हैं और होली के मौके पर आज उन्हें अपने उन दोस्तों की याद सता रही है, जिन्हें वह कोलकाता में छोड़ आई हैं। तसलीमा ने भारत सरकार पर मुक्त आवाजाही तथा अभिव्यक्ति की स्वंत्रता के उनके अधिकार का उल्लंघन करने का आरोप लगते हुए देश छोड़ दिया था। तसलीमा ने ई-मेल के जरिये बताया कि मैं इस समय एक यूरोपीय शहर के अस्पताल में हूँ जिसके नाम का खुलासा मैं सुरक्षा कारणों के चलते नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि मैं बुधवार की दोपहर हवाई अड्डे से सीधे अस्पताल पहुँची। मैं अब अधिक बेहतर महसूस कर रही हूँ।
पिछले नवंबर से तसलीमा को दिल्ली में किसी अज्ञात स्थान पर एक तरह से घर में नजरबंद होकर रहना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि अब वह इसलिए बेहतर महसूस कर रही हैं कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी गतिविधियों पर नजर नहीं रखी जाएगी।
तीन दिन पहले भारत छोड़ने वाली तसलीमा ने कहा उम्मीद है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मैं मामूली सुरक्षा के साथ आजाद होकर घूम सकूँगी।
|