डोडा जिले में हथगोले के साथ अनजाने में खेलने के दौरान उसमें हुए विस्फोट में दो बच्चों की मौत हो गई।
चौदह वर्षीय मोहम्मद अफजल और पाँच वर्षीय अकरम अशरफ को जिले के गानधो तहसील के ग्वारी गाँव के एक मैदान में एक हथगोला मिला था और उन्होंने इसे लेकर खेलना शुरू कर दिया। हथगोले के फट जाने से इन दोनों की मौत हो गई।
विस्फोट की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुँच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। समझा जाता है कि आतंकवादी इस हथगोले को इस इलाके में छोड़कर चले गए थे।
ज्ञातव्य है कि इस इलाके में गत 19 मार्च को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्करे तोइबा के चार आतंकवादी मारे गए थे और तीन सुरक्षा बल के सिपाही घायल हो गए थे।
|