भारत ने राजस्थान के थार मरुस्थल में सबसे बड़े सैनिक युद्धाभ्यासों में से एक को अंजाम दिया, लेकिन यह उस समय त्रासदपूर्ण हो गया जब एक मोर्टार फटने से तीन सैनिकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सेना और वायुसेना के युद्धाभ्यास के अंतिम दौर में एक मोर्टार बैरल फट गया। भारत-पाकिस्तान सीमा से महज 75 किलोमीटर की दूरी पर हो रहे इस युद्धाभ्यास में 37 हजार से अधिक सैन्यकर्मी, टैंक और लड़ाकू जेट शामिल थे। पीड़ित सैनिक 15वीं आर्टिलरी रेजिमेंट के हैं।
दुर्घटना उस समय हुई जब तोपखाना सैनिक 120 एमएम मोर्टार फायर कर रहे थे। प्रवक्ता ने कहा कि फायरिंग के समय एक मोर्टार बैरल फट गया, जिससे पाँच सैनिकों को चोट लगी। उनमें से तीन की तत्काल मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घायलों में एक अधिकारी शामिल है।
प्रवक्ता ने कहा कि घटना त्रुटिपूर्ण आयुध का भी परिणाम हो सकती है। घटना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। राजनयिकों और चीन सहित 59 देशों के सैन्य अधिकारी इस युद्धाभ्यास को देख रहे थे।
इस अभ्यास में सेना की अग्रिम पंक्ति के टी 90 टैंक स्मर्च, लंबी दूर तक मार करने वाले मिसाइल गुप्तचर ड्रोन, अत्याधुनिक वायु रक्षा तोप प्रणाली और लड़ाकू जेट यहाँ पोखरण फायरिंग रेंज में शिरकत कर रहे थे।
|