बुधवार को एसटीएफ की फील्ड इकाई गोरखपुर को मादक पदार्थों की बड़े पैमाने पर तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनसे भारी मात्रा में हेरोइन बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुर्ह है।
इस संदर्भ में मो. आलम पुत्र मनशरीक अंसारी निवासी खुटहा पोस्ट विजयीपुर जनपद गोपालगंज (बिहार), इकबाल अंसारी उर्फ मुन्ना पुत्र इदरीस अंसारी निवासी मडरही पोस्ट दुधही थाना बिशनपुर जनपद कुशीनगर, महेश कुमार पुत्र प्रहलाद निवासी कजियापुर थाना दुबौलिया जनपद बस्ती तथा रणधीर कुमार चौधरी उर्फ सोनू पुत्र रामरक्षा चौधरी निवासी नाथनगर महोली जनपद संतकबीर नगर को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार तस्करों से पाँच पैकेट में 2.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। दो लेदर ब्राउन पैकेट जिन पर कोबरा ब्रांड मेड इन थाईलैण्ड, एक काले रंग के लेदर पैकेट पर मेड इन अफगानिस्तान एवं 2 स्टील पैकेट पर मेड इन अफगानिस्तान अंकित है। एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
एसटीएफ को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ तस्कर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त होकर बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं।
गोरखपुर एवं समीपवर्ती जनपदों में मादक दृव्यों की तस्करी करने वाले कारोबारियों पर एसटीएफ द्वारा की जा रही कार्रवाई के क्रम में 28 दिसम्बर को गोरखपुर के थाना तिवारीपुर क्षेत्रान्तर्गत 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा एवं फील्ड इकाई गोरखपुर के पुलिस उपाधीक्षक विकास त्रिपाठी के नेतृत्व में एसटीएफ टीम द्वारा अभिसूचना संकलन का कार्य किया जा रहा था। इसी क्रम में जानकारी प्राप्त हुई कि गोरखपुर एवं समीपवर्ती जनपदों के कुछ अन्य लोग भी मादक दृव्यों की तस्करी के अवैध धंधे में लिप्त होकर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं, बल्कि राष्ट्र की सामाजिक, आर्थिक स्थिति को खोखला कर रहे हैं।
19 मार्च को सूचना प्राप्त हुई कि जनपद गोरखपुर के थाना केंट क्षेत्रान्तर्गत वी. पार्क के पास कुछ लोग लगभग साढ़े तीन बजे मादक पदार्थ लेकर आएँगे। एसटीएफ टीम द्वारा जाल बिछाया गया। सूचना के आधार पर थाना केंट की पुलिस को लेकर उपरोक्त चारों तस्करों को वी. पार्क के पास से अपराह्न लगभग 4 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
उनके पास से ढाई किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार तस्करों से बरामद हेरोइन के स्रोत एवं उनके अन्य सम्पर्कों की जानकारी हेतु विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
|