मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
सेवानिवृत्ति के बाद भी दे रहे हैं सेवाएँ
हावड़ा जिले के एक स्वास्थ्य केन्द्र के सेवानिवृत्त कर्मचारी ने अवकाश ग्रहण के बाद पिछले 14 वर्षों से दफ्तर में अपना काम करना जारी रखा है, वह भी बगैर वेतन के क्योंकि उन्हें काम करना बेहद पसंद है।

रवीन्द्रनाथ भद्र जगतबल्लवपुर ब्लॉक स्वास्थ्य केन्द्र के पूर्व कर्मचारी अभी भी नियमित रूप से रोज सुबह छह बजे उठकर कार्यस्थल पर पहुँचने की तैयारी करना शुरू कर देते हैं जबकि वह वहाँ से 1995 में ही अवकाश प्राप्त कर चुके हैं।

उनकी पत्नी सुनिती का कहना है कि अगर वह काम करना बंद कर देते हैं तो वह अस्वस्थ महसूस करने लगते हैं। हमने उन्हें काम पर जाने से एक बार रोकने की कोशिश की थी। वह निराश हो गए थे और उन्हें हृदय संबधी समस्याएँ होने लगी थीं। इसलिए हम उन्हें काम करने देने को राजी हो गए। वह खुश एवं स्वस्थ हैं।

हेल्थ सेंटर के अधिकारियों और कर्मचारियों का मानना है कि भद्र एक बहुत ही कुशल कर्मचारी हैं। उनका यहाँ नहीं होना बहुत ही निराशजनक बात होगी। उनके यहाँ रहने से हरेक काम काफी आसानी से संपन्न हो जाता है।

जगतबल्लवपुर ब्लॉक स्वास्थ्य केन्द्र के मेडिकल अधिकारी रूपाजंली विश्वास ने कहा कि हम उनकी सेवानिवृति के बाद से उन पर लगभग निर्भर से हो गए हैं। अगर वह एक दिन नहीं आएँ तो हमें दिक्कत होने लगती है। उनके स्थान पर और किसी को लगाए जाने के बारे में सोचा ही नहीं जा सकता है।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने अपनी सेवा के लिए कभी सरकार से वेतन की उम्मीद की है? उन्होंने तत्काल कहा कि मुझे पेंशन की राशि नियमित तौर पर मिलना जारी है जो कि मेरे लिए पर्याप्त है। फिर मुझे अतिरिक्त राशि की क्या जरूरत है।

उन्होंने इस स्वास्थ्य केन्द्र में 35 वर्ष पूर्व डी ग्रुप कर्मचारी के रूप में प्रतिमाह 90 रूपये की वेतनमान पर काम करना शुरू किया था। नौकरी के दौरान उनका तबादला कई अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में हुआ लेकिन सेवा निवृति के बाद से वह उसी स्थान पर लौट आए हैं, जहाँ से उन्होंने अपनी नौकरी शुरू की थी। उन्हें अभी पेंशन के रूप में प्रतिमाह 2700 रुपए प्राप्त होते हैं।
और भी
हेमलता लावानम नहीं रहीं
बाबरी मस्जिद मामले की सुनवाई एक अप्रैल को
सरबजीत की फाँसी टलने से खुश हूँ-सुखप्रीत
जगदीश गाँधी होगे विशेष अतिथि
राहुल होंगे देश के अगले प्रधानमंत्री!
श्रीनगर में विस्फोट, एक मृत, 20 जख्‍मी