क्या देश के अगले प्रधानमंत्री राहुल गाँधी होंगे? आज कांग्रेस अधिवेशन की तैयारियों के लिए शहर आए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के तेवरों को देखकर तो यही लग रहा है कि अगर आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की वापसी होती है तो राहुल ही अगले प्रधानमंत्री होंगे। 30-31 को कानपुर में होने वाले प्रदेश कांग्रेस कमेटी अधिवेशन को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी और महासचिव राहुल गाँधी संबोधित करेंगे। इस बैठक की तैयारियों के लिए शहर आईं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कानपुर सम्मेलन से उठी आवाज हमें लोकसभा में बहुमत दिलाएगी और राहुल गाँधी को देश का प्रधानमंत्री बनाएगी।
स्थानीय सांसद और केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि राहुल के दलितों और गरीबों के प्यार को देखते हुए लगता है कि उनमें पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का स्वरूप उतर आया है, इसीलिए आगामी चुनाव में राहुल का डंका बजेगा। इस बाबत बाद में जब मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह से पूछा गया कि क्या पार्टी ने राहुल को अगला प्रधानमंत्री बनाने का निश्चय कर लिया हैं, उन्होंने कहा कि समय आने दीजिए राहुल को ही प्रधानमंत्री बनाएँगे।
|