श्रीनगर में छह महीने शांति के बाद शहर में आतंकवादियों द्वारा किए गए शक्तिशाली आईईडी विस्फोट में बुधवार को एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। विस्फोट शाम करीब पाँच बजकर 55 मिनट पर शहर के मध्य स्थित जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय परिसर और सिविल सचिवालय से सटे हुए शहर के एकमात्र फ्लाईओवर की क्रासिंग में हुआ। एक विस्फोटक लगाकर यह विस्फोट किया गया। विस्फोट से वहाँ से गुजरने वाले कई वाहनों की खिड़कियाँ टूट गईं।
विस्फोट से फ्लाईओवर के कांक्रीट का कुछ हिस्सा वहाँ खडे़ कुछ वाहनों पर जा गिरा, जिससे यातायात पुलिसकर्मी सहित 20 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। आरंभिक तहकीकात में बताया गया है कि फ्लाईओवर के नजदीक स्थित सीआरपीएफ के खाली बंकर को निशाना बनाया गया था। विस्फोट के तुरंत बाद स्वयं को अल मदीना का प्रवक्ता बताते हुए एक व्यक्ति ने फोन कर विस्फोट की जिम्मेदारी ली। इसे पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तोइबा से संबद्ध संगठन माना जाता है। इसके ठीक एक मिनट बाद हिजबुल मुजाहिदीन ने भी इसी तरह का दावा किया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि उसके प्रभाव से आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
|