आंध्रप्रदेश के गृहमंत्री के जना रेड्डी ने कहा है कि राज्य से लगते छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती बीजापुर जिले के पामेरू थानांतर्गत चारला मंडल के करीब दो अलग-अलग मुठभेड़ में आज 17 नक्सली मारे गए।
रेड्डी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ये नक्सली भाकपा (माओवादी) गुट के थे। उन्होंने कहा कि हमें मिली सूचना के मुताबिक पुलिस के साथ हुई पहली मुठभेड़ में 14 नक्सली मारे गए, जबकि दूसरी मुठभेड़ में 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर मिली।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों के साथ हुई इस मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ पुलिस और आंध्रप्रदेश के ग्रेहाउंड बलों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। सुरक्षाबलों ने अभी भी इस क्षेत्र में अन्य नक्सलियों की तलाश में सघन अभियान छेड़ रखा है।
मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। रेड्डी ने बताया कि यह सूचना मिलते ही कि नक्सली छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश सीमा पर अपना पूर्ण अधिवेशन चला रहे है, जिसमें तकरीबन 40 नक्सली शामिल हैं।
दोनों राज्यों के संयुक्त पुलिस बल ने आज तड़के यहाँ सघन अभियान छेड़ दिया। आध्रंप्रदेश पुलिस बल का नेतृत्व खम्मम के पुलिस अधीक्षक देवेन्दरसिंह चौहान ने किया।
दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ पुलिस ने दावा किया है कि इस मुठभेड़ में कम से कम दो दर्जन माओवादी मारे गए हैं, लेकिन आंध्र पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। वैसे मुठभेड़ के बाद बड़ी संख्या में माओवादियों के अस्त्र-शस्त्र भी बरामद किए गए हैं, जिनमें दर्जनभर एके 47 राइफल और एसएलआर शामिल हैं।
आज सुबह माओवादियों के मारे जाने की खबर के बाद बस्तर पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र के समस्त पुलिस थानों एवं चौकियों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आज सुबह जिन माओवादियों को आंध्र पुलिस ने मार गिराया है, वे भी किसी बड़ी वारदात की फिराक में बीजापुर जिले की ओर बढ़ रहे थे।
|