उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने पिछले कुछ समय से विभिन्न वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि पर गम्भीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि दामों में वृद्धि का सीधा असर आम उपभोक्ता पर पड़ता है।
उन्होंने इस मूल्य वृद्धि के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए यह भी कहा कि देश में मुद्रास्फीति की दर बढ़कर 5.11 प्रतिशत हो गई है, जो यह स्पष्ट करती है कि केन्द्र सरकार महँगाई को रोकने में पूरी तरह से विफल रही है, जबकि प्रदेश सरकार कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए अपने स्तर से हर सम्भव प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कतिपय तत्वों द्वारा किए गए इस झूठे प्रचार को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया कि प्रदेश में इस वर्ष पहली जनवरी से लागू वैट के कारण ही विभिन्न वस्तुओं की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने वैट लागू करके करों की दरों में कमी के साथ-साथ एक प्रतिशत विकास कर को भी समाप्त कर दिया है।
उन्होंने कहा कि वैट लागू करने के एक माह के अंदर अर्थात फरवरी 2008 में पिछले साल की तुलना में कर राजस्व में 6.70 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और आगामी वर्षों में इसके और बढ़ने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण राज्य सरकार को एंट्री टैक्स नहीं प्राप्त हो रहा है, इसके बावजूद राज्य को प्राप्त होने वाले कर राजस्व में बढ़ोतरी हुई है।
तिब्बत मसला : मायावती ने तिब्बत के लोगों के साथ अपनी सहानुभूति व्यक्त करते हुए कहा है कि तिब्बत की समस्या का स्थायी हल बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि हिंसा के माध्यम से। उन्होंने कहा कि भारत सरकार इस संबंध में चीन की सरकार से वार्ता कर के यह अनुरोध करे कि तिब्बत की समस्या बातचीत से सुलझाई जाए। मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार से यह भी अनुरोध किया है कि वह पाकिस्तान की जेल में लगभग 17 साल से बंद भारतीय नागरिक सरबजीतसिंह को, जिसको वहाँ अगले महीने एक अप्रैल को फाँसी प्रस्तावित है, रिहा कराने का हर संभव प्रयास करे।
बसपा उम्मीदवारों की घोषणा : खलीलाबाद लोकसभा सीट से भीष्मशंकर तिवारी तथा आजमगढ़ लोकसभा सीट से अकबर अहमद डम्पी को पार्टी का टिकट दिया गया है। इसी प्रकार बिलग्राम विधानसभा सीट से श्रीमती रजनी तिवारी, करनैलगंज विधानसभा सीट से कुँवर बृजसिंह तथा मुरादनगर विधानसभा की सीट से राजपाल त्यागी को बसपा उम्मीदवार बनाया है।
|