जम्मू-कश्मीर के सोपोर में रविवार को भीषण मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि एक सैन्य अधिकारी शहीद हो गया। मुठभेड़ में चार सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए।
पिछले 24 घंटों के दौरान आतंकवाद की एक अन्य घटना में एक निगम पार्षद और उनके परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर कश्मीर के सोपोर में आज एक भीषण मुठभेड़ में लेफ्टिनेंट कर्नल एमएस कदम उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गए जब सुरक्षाबलों का नेतृत्व करते वक्त उन पर आतंकवादियों ने हमला बोल दिया।
घायल होने के बावजूद लेफ्टिनेंट कर्नल कदम ने एक आतंकवादी को ढेर कर दिया, जिसकी पहचान पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्करे तोइबा के मुख्य ऑपरेशनल कमांडर हाफिज नासिर उर्फ हमजा उर्फ हैदर के रूप में की गई है। बाद में सैन्य अधिकारी ने भी दम तोड़ दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सुरक्षाबलों और पुलिस ने यहाँ से करीब 55 किलोमीटर दूर चाटलूरा सोपोर गाँव में आतंकवादियों के छिपे होने की गुप्त सूचना के बाद संयुक्त तलाशी अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया, जिसमें दो सैनिक और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद नजदीक के शिविरों से सुरक्षाबलों को बुलाकर जवाबी कार्रवाई की गई।
उधर घाटी में कल रात आतंकवादियों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के निगम पार्षद के बाँदीपुरा स्थित आवास पर हथगोला फेंका। हालाँकि आतंकवादियों का निशाना चूक गया और हथगोला आवास से दूर जाकर फट गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
|